चमोली। जिले के हेलंग के पास टीएचडीसी की जल विघुत परियोजना की साइट पर अचानक आज सुबह भारी भूस्खलन हो गया। हादसे के समय साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हालांकि इस दौरान 7 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में किसी की जान नहीं गई है और सभी 7 लोग सामान्य रूप से घायल हुए हैं। स्थिति को देखते हुए फिलहाल डैम साइट पर काम रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना हेलंग के पास टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन) की एक जल विघुत परियोजना की साइट पर हुई। आज सुबह अचानक पहाड़ी से मलबा और चटृानें भरभराकर गिरने लगीं। कई श्रमिक मलबे की चपेट में आने से बाल—बाल बचे। अफरातफरी के माहौल में कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर जिला प्रशासन की टीम के साथ—साथ टीएचडीसी और आपदा प्रबंधन की टीमें भी पहुंच गई हैं। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया है और परियोजना स्थल पर सुरक्षा का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए गए हैं।
भारी भूस्खलन में मची अफरा-तफरी, श्रमिकों ने भागकर बचाई जान; 7 घायल
