हमारे संवाददाता
देहरादून। ऋषिकेश में चोरी की एक घटना ने रात की सुरक्षा और पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के घर में देर रात एक चोर घुस गया और करीब 36 मिनट तक घर के भीतर अलग—अलग कमरों में घूमता रहा। घटना के दौरान घर में बुजुर्ग महिला भी मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि चोर रात करीब 2.45 बजे घर में दाखिल हुआ और लगभग 3.21 बजे बाहर निकला। इस दौरान उसने घर के कई हिस्सों की तलाशी ली। सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध के घर में आने—जाने की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। दयाशंकर पांडे के अनुसार, चोर उस कमरे तक भी पहुंचा, जहां उनकी बुजुर्ग माता सो रही थीं। बताया गया कि चोर करीब 10 मिनट तक उस कमरे में मौजूद रहा। उनकी माता के गले में सोने की चेन और हाथ में कंगन थे। ऐसे में यदि चोर ने कोई हिंसक कदम उठाया होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद दयाशंकर पांडे ने क्षेत्र में रात के समय होने वाली पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि नियमित और प्रभावी गश्त होती तो संभव है कि चोर घर में प्रवेश करने से पहले ही सतर्क हो जाता। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक घर के अंदर चोर की मौजूदगी ने रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल घर से एक भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घर में रखे अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने की चुनौती है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि जिस समय चोर घर के भीतर मौजूद था, उस दौरान क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त किस स्थिति में थी।
रात घर में घुसा चोर 36 मिनट तक घर खंगाला, सुरक्षा पर उठे सवाल
