ट्रक की चपेट में आकर मजदूर की मौत, हंगामा

हमारे संवाददाता
देहरादून। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और हंगामा काटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने वहां लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह थाना वसन्त विहार को सूचना मिली कि कांवली रोड गोविंदगढ़ पुल के पास एक ट्रक द्वारा अज्ञात व्यक्ति को टक्कर मार दी है। उक्त सूचना पर थाना वसन्त विहार से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। मौके पर पहुंच कर पता चला कि ट्रक चालक द्वारा एक व्यक्ति को कांवली रोड गोविंदगढ़ पुल के पास टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक का नाम सकल देव साहनी पुत्र दयाराम साहनी निवासी शिपनगर थाना सेयारा जिला सीतामढ़ी बिहार हाल पता कालिंदी एनक्लेव उम्र 55 वर्ष है, मृतक व्यक्ति मजदूरी का कार्य करता था जो अपने साथियों के साथ सुबह मजदूरी पर जाने के लिए उक्त स्थान पर खड़ा था।
घटना के बाद मौके पर परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कांवली रोड पर सुबह के समय तेज रफ्तार डंपरों व ट्रकों का आवागमन आम बात है, लेकिन पुलिस और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देते। लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और चालक की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग उठाई है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस के आलाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *