हमारे संवाददाता
हरिद्वार। आपरेशन प्रहार के चलते बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने धर्मनगरी हरिद्वार में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के फर्जी दस्तावेज बनाने वाले छत्तीसगढ़ निवासी एक व्यक्ति को भी पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी महिला के कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट, नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद हुई है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और अभिसूचना इकाई ने सत्यापन अभियान के दौरान वैष्णवी एन्क्लेव, निकट रामानन्द इन्सटिट्यूट ज्वालापुर के पास से अपना नाम बदलकर अन्य व्यक्ति के साथ रह रही एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि संयुक्त टीम ने सलेहा बेगम नाम की इस विदेशी बांग्लादेशी महिला के कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट व नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किए है। आरोपी स्वीटी नाम बदलकर रह रही महिला ने सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि उसका असल नाम सहेला बेगम निवासी कुमीला, बांग्लादेश है। पहले पति अमीर हमजा के छोड़ देने और आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा खराब होने पर महिला ने वर्ष 2023 में सोशल मिडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास की सलाह मान उसने भारत का रुख किया। भारत में कुल 90 दिन का स्टे समाप्त होने पर वह अपने दोस्त श्याम दास के साथ दिल्ली में रही। कुछ समय बाद दोनो हरिद्वार आ गये जहां आरोपी महिला ने श्यामदास की मदद से फर्जी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, भारतीय पासपोर्ट तथा मैरेज सर्टिफिकेट भी बनवा लिए। पुलिस ने इस बांग्लादेशी महिला को शरण देने और फर्जी दस्तावेज बनाने में मददगार बने श्यामदास पुत्र छेदी दास निवासी ग्राम खरकेना थाना हिरी जिला विलासपुर छत्तीसगढ़ हाल पता —वैष्णवी इन्कलेव रामानन्द कॉलेज के पास ज्वालापुर हरिद्वार को भी हिरासत में लिया है। उक्त संगीन अपराध के संबंध में दोनों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें अग्रिम कार्यवाही जारी है।
ऑपरेशन प्रहारः बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाने वाला छत्तीसगढ़ निवासी भी दबोचा
