हमारे संवाददाता
देहरादून। पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसटीएफ टीम द्वारा 25 हजार के ईनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमें दर्ज है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 12 अक्टूबर 2020 को उत्तराखण्ड के रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे एक आई—10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग 4 लाख रूपये की सुपारी दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 7 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अब तक 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि इस फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया जा रहा था। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी। बताया कि आज प्रातः तड़के एसटीएफ को सूचना मिली कि उक्त इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन घेराबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने इनामी आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। बताया कि वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में यह आरोपी एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ म.प्र., उ.प्र. व उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती , रंगदारी—वसूली व गैंगस्टर के करीब 1 दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है।
पार्षद धामी हत्याकांड का खुलासा— 25 हजार का ईनामी रिकूं पण्डित गिरफ्तार
