खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 स्टोन क्रेशर सीज

हमारे संवाददाता
हरिद्वार। खनन विभाग ने बीते रोज अवैध भंडारण की शिकायतों के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। बाड़ीटीप, फतवा, महतोली, मुजफ्फरपुर गुजरा और नेहंद क्षेत्रों में 14 स्टोन क्रेशर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए गए है। जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते विभाग ने क्रेशरों की पैमाइश कर ई—रवन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया। विभागीय प्रवर्तन दल ने मौके पर सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों को रोकने के निर्देश जारी किए।
खनन विभाग का कहना है कि इस कार्रवाई में 10 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध भंडारण की आशंका है। इसके साथ ही संचालकों पर अलग से अर्थदंड लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह अभियान खनिकर्म निदेशालय, देहरादून के नेतृत्व में चलाया गया। विभाग ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य अवैध खनन और अवैध भंडारण को रोकना है। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सभी दस्तावेजों और परमिटों की जांच की गई। जो क्रेशर नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, उन्हें तत्काल सील किया गया। खनन विभाग ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक कदम है और आगे भी अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने क्षेत्रीय संचालकों को चेतावनी भी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *