संवाददाता
हरिद्वार। रूड़की की न्यायायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चैक बाउंस के मामले में तारीख पर आये एक आरोपी को एक साल की सजा सुनाये जाने के बाद आरोपी कोर्ट मोहर्रिर को परिसर में चकमा देकर फरार होने मेे कामयाब हो गया। जिस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल कोर्ट मोहर्रिर को सस्पेंड कर दिया गया है।
बता दें कि कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर निवासी नीरज गोस्वामी पर चेक बांउस का मामला कुछ समय पहले कलियर थाने में दर्ज हुआ था। आरोपी बीते रोज रूड़की के रामनगर स्थित अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में तारीख पर आया था। अदालत ने उसे एक साल की सजा सुनाई। सजा सुनाने के बाद कोर्ट मोहर्रिर उसे लेकर कोर्ट रूम से बाहर आया। इसी दौरान आरोपी कोर्ट मोहर्रिर को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। जिसकी तलाश की गयी लेकिन वह हाथ नहंीं लग सका। कोर्ट मोहर्रिर द्वारा उक्त संबंध में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
मामले में लापरवाही दिखने पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कोर्ट मोहर्रिर महिला कांस्टेबल को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही एसएसपी डोबाल द्वारा उक्त प्रकरण की प्रारंभिक जांच कर विस्तृत तथ्यात्मक जांच आख्या 1 सप्ताह के भीतर प्रेषित करने के लिए एडिशनल एसपी/ सीओ रुड़की को निर्देश जारी किए गए हैं।
कोर्ट से मुलजिम फरारी का मामला— कोर्ट मोहर्रिर रुड़की संस्पेंड फरार मुलजिम को कोर्ट ने सुनाई थी एक साल की सजा
