Headlines

फर्जी सैन्य लेबल लगी 23 पेटी शराब बरामद एक गिरफ्तार, अन्य फरार तलाश जारी

हमारे संवाददाता
देहरादून। फर्जी सैन्य लेबल लगाकर शराब बेचने के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आबकारी विभाग द्वारा एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से व निशानदेही पर 23 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। हालांकि इस कार्यवाही के दौरान अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार देर रात एक सूचना के बाद आबकारी विभाग की टीम द्वारा कांवली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदेह होने पर एक वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें से 10 पेटी शराब बरामद हुईं। इनमें खास बात यह थी कि सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन डिफेंस ओनली” और आर्मी सप्लाई के नकली लेबल चिपकाए गए थे। लेबल की गुणवत्ता और छपाई देखकर तुरंत स्पष्ट हो गया कि यह पूरी तरह फर्जी दस्तावेजों और टैग्स का खेल है।
इसी सुराग को आधार बनाते हुए विभाग की टीम ने सुबह अधोईवाला क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक मकान में गुप्त रूप से शराब का बड़ा स्टॉक छिपाकर रखा गया था। तलाशी में 13 और शराब की पेटियाँ बरामद हुईं, जिन पर वही नकली सैन्य लेबल लगे हुए थे। इस तरह, कुल 23 पेटी शराब जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह शराब असली थी, लेकिन उसे गैरकानूनी तरीके से सरकारी सप्लाई दिखाने के लिए फर्जी टैग चिपकाए गए थे।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि यह नेटवर्क यूपी—मेरठ और आसपास के इलाकों से बाजार भाव पर शराब खरीदता था और देहरादून में फर्जी सैन्य लेबल लगाकर उसे प्रीमियम रेट पर बेचता था। शादी—पार्टियों में ऐसे फर्जी “डिफेंस सप्लाई” माल की काफी मांग होती है, जिसका फायदा उठाकर यह गिरोह भारी मुनाफा कमाता था। कार्रवाई के दौरान मौके से वकील अहमद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। विभाग का मानना है कि यह सिंडिकेट काफी समय से सक्रिय था और इसके तार प्रदेश के बाहर तक जुड़े हो सकते हैं। टीम अब आरोपित से पूछताछ कर नेटवर्क के सप्लायर, प्रिंटर और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *