हमारे संवाददाता
पौड़ी। उत्तराखण्ड में वन्य जीवों का हमला लगातार जारी है। इस क्रम में आज सुबह एक व्यक्ति को निशाना बनाकर उसकी जान ले ली। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार की तलाश शुरू कर दी गयी। वहीं वन मंत्री द्वारा मामले की गम्भीरता को देखते हुए वन विभाग को जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के निर्देश दिये गये है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 8.30 बजे पौड़ी गढ़वाल के ग्राम चवथ पटृी, इडवालस्यूं—3 में गुलदार के हमले में 42 वर्षीय राजेन्द्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ समय से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियाँ देखी जा रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हमले ने पूरे गाँव को दहशत में डाल दिया है।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता की और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। मंत्री के निर्देशों के बाद मुख्य वन संरक्षक/मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड, देहरादून द्वारा आधिकारिक आदेश निर्गत कर दिए गए जिसमें गुलदार को पकड़ने, ट्रैंक्विलाइज करने और यदि सभी प्रयास विफल हों एवं परिस्थिति अत्यंत बाध्यकारी हो तो अंतिम विकल्प के रूप में गुलदार को नष्ट करने तक की अनुमति प्रदान की गई है। जारी आदेश के अनुसार वन विभाग क्षेत्र में कैमरा ट्रैप, ड्रोन मॉनिटरिंग, पीटीएस रैंक तथा पिंजरे लगाने जैसे उपायों के माध्यम से गुलदार की गतिविधियों का पता लगाकर उसे पकड़ने के प्रयास करेगा। इस कार्रवाई के लिए 15 दिनों की विशेष अनुमति दी गई है, जिसके दौरान वन विभाग सक्रिय निगरानी रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर आदेश की अवधि बढ़ाई भी जा सकेगी। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि प्राथमिक लक्ष्य गुलदार को सुरक्षित रूप से पकड़ना है, लेकिन यदि मानव जीवन की सुरक्षा को देखते हुए परिस्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाए तो अधिकृत विभागीय कर्मचारी ही उसे नष्ट करने की कार्यवाही कर सकेंगे। साथ ही निर्देश जारी किए गए हैं कि पकड़े जाने पर इसकी सूचना तत्काल विभागीय कार्यालय को दी जाएगी ताकि आगे की प्रक्रिया की पुष्टि हो सके। वहीं वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और स्कूल क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बढ़ाने, क्षेत्र में गश्त तेज करने, सूचनाओं का त्वरित संकलन करने तथा किसी भी मूवमेंट की जानकारी तुरंत विभाग तक पहुँचाने की अपील की है।
गुलदार के हमले में एक की मौत वन मंत्री ने दिये गुलदार को पकड़ने के निर्देश
