भाजपा नेता की हत्या के बाद फूटा जनाक्रोश आरोपी के घर पर आगजनी के बाद चला बुलडोजर, किया ध्वस्त

हमारे संवाददाता
देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के मीडिया प्रभारी विनोद की हत्या के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना के विरोध में आज स्थानीय लोगों, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपी के घर में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया और बाद में आरोपी के घर पर जेसीबी से कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में बीती देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पूर्व प्रधान के परिजनों और उनके साथियों ने भाजपा नेता विनोद और उनके भाइयों पर धारदार एवं भारी हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तीनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। हत्या की खबर फैलते ही आज सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता गांव में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान भीड़ के एक हिस्से ने आरोपी के घर में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख प्रशासन और पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपी के मकान को ध्वस्त करने की मांग उठाई। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से आरोपी के घर पर कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक विनोद ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल से जुड़े कुछ मामलों में सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगी थी और कुछ शिकायतें भी दर्ज कराई थीं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने विनोद के सिर पर हथौड़े से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कई आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *