लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार लूटी गयी स्कूटी, तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद

हमारे संवाददाता
हरिद्वार। तमंचे की नोक पर की गयी लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से लूटी गयी स्कूटी, अन्य सामान, तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बीती 23 मई की रात सिडकुल की ओर से अपनी स्कूटी से घर लौट रहे सौरभ सती पुत्र प्रकाश चन्द सती निवासी ब्रज विहार कालोनी सीतापुर थाना ज्वालापुर हरिद्वार को चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आ रहे 4 अज्ञात स्कूटी सवारों ने रोककर तमंचे दिखा डरा धमकाकर उसकी स्कूटी, मोबाइल, पर्स व नगदी 5000 रूपये लूट लिए थे। मामले में शिकायत पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरो की तलाश शुरू कर दी गयी।
घटना के खुलासे के लिए कोतवाली रानीपुर व सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी युवकों ने वारदात के पहले और वारदात के दौरान गली मौहल्लो के रास्तो का इस्तेमाल किया जिससे ये स्पष्ट हुआ कि यह युवक संभवतः लोकल ही हैं जिन्हे रास्तों की अच्छी जानकारी है। जुटाई गई जानकारी के आधार व एक सूचना के बाद बीती रात रेगुलेटर पुल के पास से चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी के साथ रोका गया। स्कूटी की नंबर प्लेट संदिग्ध लगने पर जब इंजन/चौसिस नंबर चैक किया गया तो पुष्टि हुई कि यह लूटी गई स्कूटी है जिसे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल किया जा रहा था। संदिग्ध युवकों के कब्जे से पुलिस ने एक मोबाइल आईक्यू ओओ , एक पर्स (जिसमें पीड़ित का आधार कार्ड, पैन कार्ड रखा हुआ था), एक देशी तमंचा, 1 जिन्दा कारतूस व एक चाकू बरामद किया गया। पकड़े गए युवक पुनः वारदात अंजाम देने की मंशा से निकले थे लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने एक संभावित वारदात को होने से पहले ही रोक दिया गया। लुटेरों की पहचान कार्तिक सैनी पुत्र कमल सैनी निवासी ऋषिकुल थाना कोतवाली नगर जनपद हरिद्वार, शिवांश उर्फ विलन पुत्र जगदीश निवासी वेद सिटी अहमदपुर ग्रांट थाना बहादराबाद हरिवार, लक्की पुत्र रमेश चंद्र निवासी सिया कॉलोनी राजा गार्डन थाना कनखल जनपद हरिद्वार व वंश चंचल पुत्र बिटृू चंचल निवासी राजू नगर बस अड्डा कोतवाली नगर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *