21छात्र—छात्राओं का सम्मान, जिलाधिकारी ने दिया सफलता का मंत्र

हमारे संवाददाता
पौड़ी। उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जनपद के मेधावी छात्र—छात्राओं के सम्मान में कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के कुल 21 विघार्थियों (हाईस्कूल के 14 एवं इंटरमीडिएट के 7 छात्र—छात्राओं) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी मेधावी विघार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान न केवल प्रतिभाशाली छात्रों का उत्साहवर्धन करता है, बल्कि अन्य विघार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में आगे आना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है।जिलाधिकारी ने छात्रों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “अपना सर्वश्रेष्ठ देते रहें, आपकी सफलता ही आपकी पहचान बनेगी और वही दूसरों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त करेगी।” जिलाधिकारी ने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के करियर निर्माण में परिवार का सहयोग और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रयास निरंतर किया जाए तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
संवाद के दौरान विघार्थियों ने अपने सपनों, संघर्षों और भविष्य की आकांक्षाओं को सहज और भावपूर्ण ढंग से साझा किया, जिससे पूरा सभागार गर्व और प्रेरणा से भर उठा। यह क्षण विघार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे जनपद के लिए एक गौरवान्वित करने वाला पल बन गया। कई छात्रों ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, जिसमें उनके आत्मविश्वास और मेहनत की स्पष्ट झलक दिखायी दी। इस प्रेरक वातावरण में जिलाधिकारी ने उनका मार्गदर्शन करते हुए उनके उत्साह को नयी ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर समग्र शिक्षा समन्वयक रीना रावत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विघा शरण, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सीताराम पोखरियाल, राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भवान सिंह नेगी, पर्वतीय शिक्षक कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष संजय नेगी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी सहित पीएमश्री जीजीआईसी पौड़ी की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *