शिक्षा निदेशालय में बवाल, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से हुई मारपीट

देहरादून। शिक्षा निदेशालय में आज उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा विधायक की मौजूदगी में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। निदेशक स्तर के अधिकारी के साथ हुई इस घटना के बाद कर्मचारियों में भारी रोष देखा जा रहा है।
घटना के बाद अजय नौडियाल को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आज शिक्षा निदेशालय में किसी प्रशासनिक मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बहस के दौरान स्थिति बिगड़ गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। निदेशक अजय नौडियाल ने सीधे विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि विधायक के समर्थकों ने निदेशक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की। हालांकि, अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं घटना के विरोध में शिक्षा निदेशालय के कर्मचारियों ने हड़ताल का आह्वान किया है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर डायरेक्टर से किसी को परेशानी थी तो प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा सकती थी, मारपीट करना पूरी तरह गलत है। कर्मचारियों ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कर्मचारियों की बैठक के बाद हड़ताल की औपचारिक घोषणा हो सकती है। यह मामला अब प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *