नैनीताल/मुरादाबाद। दिल्ली और मेरठ के लिए रवाना हुई परिवहन निगम से जुड़ी तीन अनुबंधित बसें हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। जिससे 16 यात्री चोटिल हो गए। इसके बाद दूसरी बसों की व्यवस्था कर 90 से अधिक सवारियों को उनमें शिफ्ट किया गया। सूचना मिलने पर रुद्रपुर डिपो की टीएस इंदिरा भटृ टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कोहरे के कारण तीनों बसें भिड़ी थीं।
जानकारी के अनुसार हल्द्वानी डिपो की अनुबंधित बस सुबह 6 बजे मेरठ के लिए रवाना हुई थी, गाड़ी में 40 यात्री सवार थे। जबकि काठगोदाम डिपो की बस 25 सवारियों को लेकर स्टेशन से दिल्ली के लिए निकली थी। सुबह 8ः30 बजे मुरादाबाद के पास दलपतपुर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश की एक बस हादसे का शिकार हो गई थी। वाहन को सड़क से हटाने के लिए स्थानीय पुलिस ने ट्रैफिक रोका था। लेकिन कोहरे की वजह से हाईवे पर दृश्यता कम थी। इसलिए पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक भिड़ती चली गईं। जिस वजह से मेरठ और दिल्ली जाने वाली बसें भी हादसे का शिकार हो गई। एआरएम हल्द्वानी संजय पांडे ने बताया कि एक यात्री को चोट आई थी। जबकि काठगोदाम एआरएम गणेश पंत ने बताया कि केवल यात्री चोटिल हुआ था। वहीं, तीसरी बस सुबह 9ः30 बजे करीब गजरौला के पास सड़क पर गलत तरीके से खड़े ट्राले के पीछे भिड़ी थी। सूचना मिलने पर चेकिंग में जुटी यातायात अधीक्षक इंदिरा भटृ भी मौके पर पहुंच गई। रुद्रपुर डिपो की यह गाड़ी 27 यात्री लेकर रवाना हुई थी। 15 लोगों को चोट पहुंची है। जबकि सीएनजी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। हादसों के कुछ देर बाद सवारियों को दूसरी बसों से आगे भेजा गया।
कोहरे का कहरः हाईवे पर भिड़ीं तीन रोडवेज बसें, 16 यात्री घायल
