हमारे संवाददाता
पौड़ी। जनपद में वन्य जीवों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। बीते तीन दिसम्बर को गुलदार के हमले से जहंा एक व्यक्ति की जान चली गयी थी वहंी एक बार फिर बीती शाम गुलदार के हमले में एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गयी है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम लगभग 5.30 बजे एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जब ग्राम शेरो बगड़, सैंधीखाल (थाना लैंसडाउन) में घर के बाहर आंगन में बैठी 60 वर्षीय उर्मिला देवी पत्नी राजेंद्र सिंह पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया गया। हमले के बाद गुलदार उन्हें झाड़ियों में खींचकर ले गया, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में चीख—पुकार मच गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, साथ ही लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है और लोगों ने वन विभाग पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
बता दें कि दो दिन पहले यानि 3 दिसम्बर को पौड़ी विकासखंड के गजल्ट गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। गुलदार सुबह सवेरे उस व्यक्ति को खींचकर ले गया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था और कर्मचारियों को कमरे में बंद कर हल्ला बोल दिया था। ग्रामीण लगातार गांव में गश्त, पिंजरों की व्यवस्था और नरभक्षी घोषित कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जनपद में पिछले तीन दिनों में गुलदार के हमले से हुई दो मौतो ने सनसनी मचा दी है।
आतंकः एक बार फिर गुलदार ने उतारा महिला को मौत के घाट गुलदार के हमले मेंं तीन दिनों में हुई यह दूसरी मौत
