इंटरनेशन दुपहिया वाहन चोर गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार

चुराई गई गाड़ियों को मुरादाबाद के रास्ते पहुंचाते थे पड़ोसी देश नेपाल
चुरायी गयी 10 बाइक बरामद
संवाददाता
हरिद्वार। दुपहिया वाहन चोरी के इंटरनेशनल गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चुराये गये 10 दुपहिया वाहन बरामद किये गये है।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों शिवालिक नगर से अज्ञात चोर द्वारा पल्सर बाइक चोरी कर ली गयी थी। मामले में वाहन स्वामी प्रिन्स चौहान की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। वहीं बैरियर नं. 6 के पास से अजय सिंह अधिकारी की पल्सर मोटर साइकिल चोरी होने के संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। वहीं मुबारिक अली निवासी महदूदपुर पिरान कलियर की मोटर साइकिल स्प्लेण्डर को अज्ञात व्यक्ति ने सेक्टर—4 पीठ बाजार से चोरी कर लिया गया। जिसकी शिकायत पर भी कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। लगातार एक के बाद एक दोपहिया वाहनों की चोरी होने की शिकायतों पर पुलिस के आलाधिकारियों ने टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। पुलिस टीमों के लगातार प्रयासों के पश्चात बीती शाम पुलिस टीमों ने एक सूचना के आधार पर न्यू शिवालिक नगर टिहरी विस्थापित रपटे के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चुरायी गयी दो पल्सर बाइक बरामद की। पूछताछ में उन्होने अपना नाम सुमित चौहान पुत्र देवेन्द्र निवासी ग्राम अतरौली थाना भोजपुर जनपद गाजियाबाद व अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान मलिक पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी नालापार मोरीगेट थाना शहर कोतवाली जनपद रामपुर उ.प्र. बताया। बताया कि वह मास्टर—की की मदद से अलग—अलग जगहों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और चोरी की गाड़ियो को डिमांड आने पर इन्हें मुरादाबाद के रास्ते खटीमा होते हुये जंगल के रास्तो से नेपाल ले जा कर मंहगे दामों में बेचते थे। चैकिंग के दौरान बरामद दोनों पल्सर मोटरसाइकिलों को भी नेपाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियो की निशांदेही पर ज्वालापुर से नहर पटरी स्थित एक खण्डहर पड़े भवन के अन्दर से 8 अन्य चोरी की मोटर साईकिले/स्कूटी बरामद की गई जिनमें कोतवाली रानीपुर, कोतवाली ज्वालापुर व थाना सिड़कुल क्षेत्र से चोरी किए गए दोपहिया वाहन भी शामिल हैं।
आरोपियों से पूछताछ में ये भी पता चला कि कुछ समय से नवोदय नगर मे अपने ताऊजी के लड़के के मकान पर रह रहा सुमित पहले भी चोरी में जेल गया है। आरोपियों ने रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई दो बुलेट मोटरसाइकिलों को नेपाल बार्डर पर छिपाने की बात भी स्वीकार की गई है जिसमें टीम को बताए गए स्थान पर रवाना किया गया है। अन्य बरामद हुयी मोटर साईकिल/स्कूटी की जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *