दून चिकित्सालय के बाहर फायरिंग प्रकरण— पुलिस मुठभेड के बाद तीन गिरफ्तार

संवाददाता
देहरादून। दून चिकित्सालय के बाहर युवक पर फायर करने वाले मामले में पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को मुठभेड के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनके दो साथियों को पुलिस ने पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दून हास्पिटल के सामने एक युवक को गोली मारने की घटना के सम्बन्ध में दर्ज मुकदमें में पुलिस टीम द्वारा पूर्व में घटना मे प्रकाश में आये 2 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जिनसे पूछताछ के दौरान घटना में प्रकाश में आये अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस त्वरित कार्यवाही करने लगी। इस बीच देर रात पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से एक सफेद रंग की स्कूटी, जिसकी नंबर प्लेट पर मिटृी लगी थी में तीन संदिग्ध लोगों के सवार होकर छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर आने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल बैरिकेडिंग करते हुए सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस टीम को उक्त संदिग्ध स्कूटी छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर आते हुए दिखाई दी, जिस पर तीन संदिग्ध सवार थे, जो पुलिस द्वारा की जा रही चैकिंग को देखकर स्कूटी को तेजी से वापस मोडते हुए रांग साइड से ही छिद्दरवाला की ओर वापस भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपियों द्वारा अपनी स्कूटी को रांग साइड से छिद्दरवाला से लालतापड के बीच स्थित काली मन्दिर के निकट जगंल के कच्चे रास्ते पर उतारकर तेजी से भागने का प्रयास किया गया, जहाँ जंगल के अन्दर लगभग 100 मीटर आगे आरोपियों की स्कूटी गिर गई, मौके पर पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में किए गए जवाबी फायर में 2 लोगों के पैर पर गोली लग गयी, जिनके पास से पुलिस टीम को 2 तमंचे तथा 4 जिंदा व 2 खोखा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उनकी पहचान सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी 109 ई.सी. रोड, करनपुर, देहरादून तथा सानू पुत्र नौशाद निवासी चावला चौक, नालापानी रोड, करनपुर, देहरादून के रूप में हुई। पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने अपने अन्य साथियों काव्यांश धामा, रोहन तथा विशाल के कहने पर दून अस्पताल के पास रात्री में दिशान्त नाम के युवक, जिससे काव्यांश का पैसों के लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था, को गोली मार दी थी, तभी से पुलिस द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी, जिससे बचने के लिये वह इधर उधर छिपते फिर रहे थे। उनके साथ उनका एक अन्य दोस्त जावेद पुत्र अब्दुल रहमान निवासी डबकी जूनारदार, कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर भी था। उनके तीसरे साथी जावेद, जो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, उसे पुलिस टीम द्वारा काम्बिंग के दौरान तड़के सुबह डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनो घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *