Thursday, October 22, 2026
Homeउत्तराखंडत्यौहारी सीजन में यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाएं : बगोली

त्यौहारी सीजन में यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाएं : बगोली

 dipr

देहरादून। सचिव गृह शैलेश बगोली ने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारी स्वयं फील्ड पर रहकर स्थिति की निगरानी करें और यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाएं।
आज यहां राज्य में आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सचिव, गृह शैलेश बगोली की अध्यक्षता में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं यातायात निदेशालय के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव बगोली ने निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएँ। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारी स्वयं फील्ड पर रहकर स्थिति की निगरानी करें और यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाएं। बैठक में निर्णय लिया गया कि देहरादून में यातायात नियंत्रण हेतु एक कंपनी आईआरबी या पीएसी की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए होमगार्ड एवं पीआरडी कर्मियों की सेवाएँ भी ली जाएँगी। शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख स्थलों की पहचान कर वहाँ पर्याप्त संख्या में यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
सचिव ने निर्देश दिए कि सभी ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे पुलिस विभाग के नियंत्रण में लाए जाएँ, जिससे त्वरित निगरानी और कार्रवाई संभव हो सके। यातायात निदेशालय को निर्देशित किया गया कि विशेषज्ञों की सेवाएँ लेकर प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्मार्ट सिटी, परिवहन आदि विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि निदेशालय को मानव संसाधन, तकनीकी साधन और आधारभूत संरचना के दृष्टिकोण से सुदृढ़ किया जाए, ताकि दीर्घकालिक योजना और क्रियान्वयन प्रभावी रूप से किया जा सके। सचिव, गृह ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के मार्ग हर समय सुगम और अवरोध—मुक्त रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। बैठक में आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जनता की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात प्रबंधन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments