हरिद्वार, 18 अगस्त। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि किसानों पर स्मार्ट मीटर किसी भी सूरत में थोपे नहीं जाएंगे। उन्होंने सरकार से योजना को तुरंत वापस लेने और ट्यूबवेल के लिए बिजली मुफ्त करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि 21 अगस्त को राजधानी देहरादून स्थित ऊर्जा भवन पर किसान विशाल धरना देंगे। अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संजय चौधरी ने गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल तय करने, पहाड़ों में चकबंदी करने, किसानों को होमस्टे योजना का लाभ देने और जैविक केंद्र खोलने जैसी मांगें भी रखीं। साथ ही कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए माल्टा व बुरांस जैसे उत्पादों की फैक्ट्रियां लगाई जाएं।
उन्होंने उद्यम सिंह नगर के किसानों की भूमि विवादों के समाधान, धान क्रय केंद्र समय पर खोलने तथा ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की 15 साल की सीमा खत्म करने की मांग भी उठाई।
किसान नेता मनोज सोही ने कहा कि स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों को लेकर किसानों और आम जनता में भय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को गंभीरता से किसानों की मांगें माननी होंगी, वरना आंदोलन और व्यापक होगा।
