Saturday, November 28, 2026
Homeउत्तराखंडकैबिनेट बैठक में 23 फैसलों पर लगी मुहर

कैबिनेट बैठक में 23 फैसलों पर लगी मुहर

 dipr
  • आशाओं का मानदेय बढ़ा, वन आरक्षी भर्ती में उम्र की छूट
  • डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी

देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार ने कैबिनेट के फैसलों के जरिए कर्मचारी, श्रमिक, स्वास्थ्य और औद्योगिक क्षेत्रों को साधने की कोशिश की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने और राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा का प्रावधान प्रमुख हैं। वहीं, चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि रॉयल्टी की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई।
कैबिनेट बैठक में श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा दायरे को बढ़ाने, सरकारी सेवाओं में नए पद सृजित करने और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को भी मंजूरी दी गई। आशा कार्यकर्ताओं को अब प्रतिमाह 1700 रुपये अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। वर्तमान में उन्हें 8300 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।वन विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी राहत दी गई है। वन आरक्षी भर्ती के लिए 31 दिसंबर 2028 तक अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) करने वाले डॉक्टरों को पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद राज्य में दो साल तक सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए दो साल का सेवा अनुबंध अनिवार्य किया गया है।
श्रम विभाग के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई है। इसके दायरे में अब संगठित क्षेत्र के साथ असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया जाएगा। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष गठित करने का भी निर्णय लिया गया है।कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत फार्मासिस्ट पद की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी है।आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए सरकार ने चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई है। वहीं, आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। सेतु आयोग में सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित पदों को भी मंजूरी दी गई है।
शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इन कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इससे हरिद्वार में यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी। राज्य में भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज) की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है।
ऋषिकेश के बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि सहित बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।इसके अलावा उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। राज्य में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया। उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को भी स्वीकृति मिली है।खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खनन में बढ़ी हुई दरों के अनुरूप रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की गई है। समिति की सिफारिशों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments