Headlines

विधानसभा बजट सत्र के लिए पुलिस प्रशासन तैयार अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारी व कर्मचारियों को दिए दिशा—निर्देश

हमारे संवाददाता
चमोली। भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में कल आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र के दृष्टिगत जनपद पुलिस एवं प्रशासन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरूगेशन द्वारा भराड़ीसैंण में सत्र ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग ली गई।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि यहां पर उपस्थित पुलिस बल पूर्व में भी कई बार विधानसभा सत्र ड्यूटी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुका है और इसी प्रकार इस बार भी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाना है। पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी/कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने—अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर ड्यूटी से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें। ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतते हुए किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा महानुभावों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत—प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
विधानसभा गेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि आने—जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग की जाए तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों/पासधारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। वहीं बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना या प्रदर्शन की स्थिति में कोई भी अराजक तत्व बैरियर पार कर विधानसभा परिसर के निकट न पहुंचने पाए। इसके साथ ही पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान अपना व्यवहार संयमित एवं मर्यादित रखने, संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल अपने प्रभारी अधिकारी को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी चमोली, गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार द्वारा भी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधानसभा सत्र के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन तथा समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *