संवाददाता
देहरादून। महिला का मोबाइल छीन कर भागे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल बरामद कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गत रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना डालनवाला को सूचना प्राप्त हुई कि स्कूटी सवार एक युवक महिला का मोबाइल छीन कर चंद्रलोक कॉलोनी हाथीबड़कला से सालावाला की ओर भागा है। सूचना की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी के निर्देशो पर डालनवाला पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चैक करते हुए आरोपी की तलाश हेतु थाना क्षेत्र के सभी प्वाइंटों पर सघन चैकिंग अभियान चलाया गया तथा घटना के संबंध में पीड़िता प्रिया सिंह पुत्री नागेंद्र सिंह निवासी चंद्रलोक कॉलोनी डालनवाला, देहरादून की तहरीर पर थाना डालनवाला पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही तथा सघन चेकिंग अभियान के चलते पुलिस टीम द्वारा नयागांव रोड से चेकिंग के दौरान घटना को अंजाम देने वाले अमन गोस्वामी पुत्र शिव शंकर गोस्वामी निवासी सर्वे स्टेट हाथी बड़कला देहरादून मूल पता ग्राम पाराशरी जिला दतिया मध्य प्रदेश को लूटे गये मोबाइल आईफोन व घटना में प्रयुक्त स्कूटी के साथ मात्र आधे घण्टे के अन्दर नया गांव हाथीबड़कला देहरादून से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह नशे का आदि है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसके द्वारा उक्त स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया गया था, पर पुलिस द्वारा की जा रही सघन चेकिंग के चलते वह भागने में कामयाब नहीं हो पाया।
महिला का मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे युवक को किया गिरफ्तार
