पार्षद पर हमले की साजिश का हुआ खुलासा

तीन हमलावर सहित चार गिरफ्तार, हथियार बरामद
विधायक पुत्र पार्षद ने खुद पर ही कराया था हमला
संवाददाता
उधमसिंहनगर। विधायक तिलकराज बेेहड़ के पार्षद पुत्र सौरभ बेहड़ पर हुए हमले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन हमलावरों सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से हथियार भी बरामद किये गये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना का कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने खुलासा करते हुए पार्षद पर हुए हमले के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। बताया कि इस कार्रवाई में अवैध हथियारों के साथ तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड सौरभ बेहड़ के साथी इन्दर नारंग को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं।
उन्होने बताया कि बीती रात एक सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान सिडकुल रोड, नई बस्ती मोड़ के पास बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल से आ रहे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर दबोच लिया। जिन्होने पूछताछ में अपना नाम वंश कुमार (20 वर्ष), निवासी घासमंडी रुद्रपुर, बादशाह निवासी घासमंडी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर व दीपक सिंह (21 वर्ष) निवासी नारायण कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचे, कारतूस व एक चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया। जांच में सामने आया कि हमले की पूरी साजिश सौरभ बेहड़ और इन्दर नारंग द्वारा रची गई, पारिवारिक विवाद के चलते सहानुभूति पाने के लिए सौरभ बेहड़ द्वारा खुद पर हमला करवाने की योजना बनाई गई जिसके बाद उसने इन्दर नारंग को साजिश में शमिल कर उससे हमला कराने का प्लान तैयार करने को कहा। जिसके बाद पुलिस ने इंदर नांरग को गिरफ्तार कर लिया ह। जिसने पूछताछ में बताया कि 18 जनवरी को सौरभ बेहड़ ने उसे अपने घर बुलाया, सौरभ ने खुद कहा कि वह पत्नी से चल रहे विवाद के कारण खुद को पिटवाना चाहता है। इन्दर नारंग ने वंश और बादशाह को बुलाकर पूरी योजना समझाई, पहचान छुपाने के लिए चेहरा ढकने और बाइक की नंबर प्लेट हटाने को कहा। घटना के समय इंदर नारंग अपनी वैगनार कार से हमलावरों के पीछे—पीछे चल रहा था, भीड़ अधिक होने पर स्थान बदलकर शिव शक्ति पीजी गेट के पास हमला कराया गया । घटना के बाद आरोपियों को भगाने में भी भूमिका निभाई। हमले के बाद आरोपी सिडकुल—नैनीताल रोड की ओर भागे मोटरसाइकिल को धरमपुर,थाना पंतनगर में छिपाई गयी थी तीनों आरोपियों को वैगनार कार से सुरक्षित उनके इलाके तक छोड़ा गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *