संवाददाता
उधमसिंहनगर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र पर देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिये गये है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम किच्छा क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र तथा आवास विकास क्षेत्र के पार्षद सौरभ बेहड़ पर दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। घटना आवास विकास चौकी के पास हुई, जहां सौरभ किसी पुराने विवाद से जुड़े मामले को लेकर पंचायत के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सौरभ बेहड़ जैसे ही आवास विकास चौकी के समीप पहुंचे, उसी समय बाइक पर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी को जोरदार लात मारकर गिरा दिया। सौरभ के सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने उन पर बेरहमी से प्रहार शुरू कर दिए। हमले में सौरभ को गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर तड़पते रहे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसे देखते ही हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और क्षेत्र के अन्य लोग भी घटनास्थल पर आ गए। घायल सौरभ को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी का कहना है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि घटना किसी पुराने विवाद से जुड़े तनाव का परिणाम हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे पर जानलेवा हमला, जांच शुरू
