संवाददाता
हरिद्वार। धर्मनगरी में शराब तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं जिसके पास से 300 पेटी अंग्रेजी शराब व तस्करी में प्रयुक्त 10 टायरा ट्रक बरामद किया गया है।
मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए सीमांत थानों सहित समूचे जनपद में चलाए जा रहे सघन चैकिंग अभियान के क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस तथा सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी लण्ढौरा क्षेत्र में चैकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर एक 10 टायरा ट्रक को रोककर ड्राइवर से मालुमात की तो ड्राइवर ने जानकारी दी की ट्रक के जरीए कैमिकल ले जाया जा रहा है। ट्रक ड्राइवर द्वारा की जा रही तमाम आनाकानी व बहानेबाजी के बाद भी जब पुलिस टीम ने ट्रक कंटेनर को चैक किया तो ट्रक के अंदर 300 पेटी शराब (हरियाणा ब्रांड सुपर जुबली स्पेशल व्हिस्की) बरामद हुई। ट्रक से भारी मात्रा में बरामद शराब के जखीरे के आधार पर आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया। जिसके खिलाफ कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब वह चंडीगढ़ से लेकर हरिद्वार, गौरखपुर खुशीनगर होते हुए बिहार के लिए चला था लेकिन हरिद्वार में पुलिस की चैकिंग व बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित होने के चलते दूसरे रास्ते से जा रहा था। ड्राइवर का नाम रवि रंजन कुमार राय पुत्र लखिन्द्र राय निवासी सुन्दरपुर बिरियापुर थाना सकरा जिला मुजफ्फरपुर बिहार बताया जा रहा है।
300 पेटी शराब व तस्करी में प्रयुक्त ट्रक सहित एक गिरफ्तार
