संवाददाता
नैनीताल। उत्तराखण्ड राज्य के सरकारी कार्यालयों में किस तरह की लापरवाहियंा बरती जा रही है इसकी बानगी आज हल्द्वानी तहसील में सामने आयी है। यहंा आज जिलाधिकारी द्वारा जब हल्द्वानी तहसील में अचानक छापा मारा गया तो वहंा कोर्ट की गोपनीय फाइलों पर दो युवक कार्य करते दिखे। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा एसडीएम को जांच के निर्देश दिये गये है।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी नैनीताल, ललित मोहन रयाल द्वारा आज हल्द्वानी तहसील में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया। निरीक्षण के दौरान तहसील न्यायालय से संबंधित फाइलों का कार्य दो निजी युवकों द्वारा किया जाता हुआ पाया गया, जो कि अत्यंत गोपनीय कार्यालय की श्रेणी में आता है। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मौके पर रजिस्ट्रार कानूनगो को तलब किया और जमकर फटकार लगाई। डीएम ने तहसीलदार से सवाल करते हुए कहा कि यदि ऐसी ही व्यवस्था चलती रही तो सिस्टम में सुधार कैसे संभव है।
जिलाधिकारी ने मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय को भी बुलाया और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश देते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि इसी प्रकार की अनियमितताओं के कारण फर्जी प्रमाण पत्रों जैसे गंभीर मामले सामने आ रहे हैं।
डीएम का तहसील में छापा— गोपनीय फाइलों पर काम करते दो युवक पकड़े, दिये जांच के आदेश
