संवाददाता
देहरादून। नर्सिंग स्टाफ के साथ हुई कथित बदतमीजी के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यालय से सचिवालय तक एक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
रैली के सचिवालय पहुँचने पर पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और भी आक्रोशित हो गए। मौके पर नारेबाजी के बीच कांग्रेस ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। स्थिति तनावपूर्ण होते हुए भी शांतिपूर्ण रही। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मौके पर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया और सरकार पर नर्सिंग स्टाफ के अधिकारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक नर्सिंग स्टाफ के साथ हुई घटना पर उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह संघर्ष नर्सिंग स्टाफ के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए है, और वे किसी भी स्तर पर पीछे हटने वाले नहीं हैं।
नर्सिंग स्टाफ के साथ हुई बदसलूकी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
