8.5 लाख के सोने के कंगन व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
संवाददाता
हरिद्वार। सम्मोहित कर ठगने वाले गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से ठगे गये 8.5 लाख के सोने के कंगन व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। हांलाकि मामले में गैंग के तीन सदस्य फरार है जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार बीते 11 नवम्बर को कोतवाली रानीपुर में आशुतोष सोनी पुत्र मदनलाल निवासी मकान संख्या पी —128, शिवालिक नगर द्वारा तहरीर देकर बताया गया था कि चार अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी माता सुमित्रा सोनी को सम्मोहित कर सोने के कंगन, चेन, कान के टॉप्स, पर्स व एक रेडमी मोबाइल फोन धोखे से ठग लिए गये है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को बीती रात सूचना मिली कि उक्त वारदात में शामिल एक आरोपी आर्मी ग्राउंड शिवालिक नगर के कच्चे रास्ते से बाइक द्वारा आने वाला है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाइक सवार को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ठगे गये सोने के दो कंगन व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल गफ्फार पुत्र शेर मोहम्मद निवासी ग्राम शाहीपुर, थाना किठौर, जिला मेरठ बताया। बताया कि वह और उसके साथी दिलशाद उर्फ बॉबी, मुजाहिद व गुलजार दो मोटरसाइकिलों से हरिद्वार आए थे और शिवालिक नगर में एक महिला को बातों में लगाकर उसके गहने व पर्स/मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। बरामद जेवरों को उन्होने मेरठ व मुजफ्फरनगर में बेचने की कोशिश की, परंतु बिल न होने और कंगन पिचके होने के कारण सुनारों ने लेने से मना कर दिया। जिस पर आज वह कंगन बेचने ज्वालापुर जा रहा था। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं उसके तीन साथियो की तलाश की जा रही है।
सम्मोहित कर ठगने वालेे गैंग का खुलासा एक गिरफ्तार, तीन फरार
