राज्य ने 10 सालों में हर क्षेत्र में विकास किया
पीएम ने राज्य की धामी सरकार को भी सराहा
संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड के विकास की महायात्रा का सफर निरंतर जारी है। आज जब उत्तराखंड अपनी इस यात्रा के 25 साल पूरे कर चुका है और उत्तराखंड के लोग रजत जयंती मना रहे हैं तो प्रदेश के लोगों को इस बात पर गर्व हो रहा है कि इन 25 सालों में राज्य ने सभी क्षेत्रों में सफलता के उत्कर्ष को छुआ है तथा विकास की यह यात्रा निरंतर जारी है।
राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 1 घंटे से भी अधिक लंबे भाषण में आज उन तमाम उपलब्धियों का जिक्र किया और कहां कि बाबा केदार की भूमि से उनके मुंह से यूं ही अनायास यह शब्द नहीं निकले थे। जब उन्होंने कहा था कि यह दशक उत्तराखंड के विकास का दशक होगा। उन्होंने कहा कि इस राज्य ने अपना जब यह सफर शुरू किया था तब उनका बजट 4000 करोड़ का था जो अब एक लाख करोड़ का हो चुका है। राज्य की सड़कों की लंबाई दोगुना अधिक हो चुकी है। उस समय राज्य में एक इंजीनियरिंग कॉलेज था अब 10 कॉलेज है। तब एक मेडिकल कॉलेज था आज 10 मेडिकल कॉलेज है राज्य में पहले 6 माह में जितने पर्यटक हवाई मार्ग से राज्य में आते थे अब उतने पर्यटक एक दिन में उत्तराखंड आते हैं राज्य में प्रति व्यक्ति आय में कई गुना वृद्धि हुई है। कृषि व बागवानी क्षेत्र भी विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। राज्य के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिली है। राज्य में पैदा होने बेडू और बद्री गाय के घी को जी आई टैग मिलना कोई कम बड़ी उपलब्धि नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह उत्पाद जहां भी जाएंगे उत्तराखंड की पहचान अपने साथ लेकर जाएंगे। उन्होंने रेल मार्ग और सड़क मार्गों का ही नहीं बल्कि राज्य में निर्माणाधीन उन रोपवे का भी जिक्र किया जो हेमकुंड साहिब व केदारनाथ में बनाए जाने हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज इस कार्यक्रम से पूर्व 8000 करोड़ से अधिक विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार और केंद्र सरकार राज्य की विकास योजनाओं को नई ऊंचाइयाें तक ले जाने में जुटी है। उन्होंने राज्य सरकार की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है। उन्होंने धामी सरकार द्वारा डेमोग्राफी चेंज को रोकने, भू—माफिया व नकल माफिया पर लगाम कसने के प्रयासों की भी तारीफ की तथा आपदा प्रबंधन के लिए बेहतर ढंग से प्रयास करने और धर्मांतरण रोकने तथा दंगा रोधी कानून बनाने के लिए भी सरकार को सराहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास की स्वर्णिम यात्रा की ओर अग्रसर है। इससे पूर्व सीएम धामी ने अपने संबोधन में पीएम मोदी को युग दृष्टया बताते हुए कहा कि जब उनका दिशा निर्देशन है तो विकास के होने की भी गारंटी है। पीएम ने राज्य के लोगों को इस विकास यात्रा में केंद्र से हर संभव मदद का भी भरोसा दिलाया।
विकास के 25 साल, बेमिसालः मोदी
