डाक्टर से रंगदारी मागने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

तमंचा और कारतूस बरामद
मांगी  थी साढ़े तीन लाख की रंगदारी, न देने पर दी गोली मारने की धमकी
संवाददाता
हरिद्वार। डाक्टर से रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से तमंचा व चाकू भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार बदमाशों ने डाक्टर से 3.50 लाख रूपये की रंगदारी मांगी थी और न देने पर उनको व उनके परिवार को गोली मारने की धमकी दी गयी थी।
जानकारी के अनुसार बीते रोज कोतवाली रानीपुर पर भावेस प्रताप चन्देला पुत्र डॉ. जितेन्द्र चन्देला निवासी एच—10 शिवलोक कालोनी रानीपुर हरिद्वार द्वारा तहरीर देकर बताया गया कि आजाद गुज्जर निवासी कुँआखेड़ा लक्सर हरिद्वार ने उनसे मोबाइल पर एक आश्रम बनाने के नाम पर 3,50 लाख रूपये की मांग की और पैसे न देने पर उन्हें तथा उनके परिवार को गोली से मारने की धमकी दी गई है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी आजाद गुज्जर की तलाश शुरू कर दी गयी। जिसे काफी प्रयासों के उपरांत पुलिस टीमों ने 24 घंटे के भीतर ही एक सूचना के बाद देर रात सेक्टर—1 स्थित बीएचईएल मटेरियल गेट के पास से उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथी का नाम सुरेन्द्र गुर्जर पुत्र बासी निवासी ग्राम कुँआखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, 2 कारतूस, चाकू व घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गयी है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह एक ही गांव के रहने वाले हैं। दिनांक 31 अक्टूबर की शाम को दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद आजाद ने अपने मोबाइल से डॉ. चन्देला को फोन कर आश्रम बनाने के नाम पर 3,50 लाख रूपये की मांग की। पैसे न देने पर उसने डॉक्टर और उनके परिवार को गोली मारने की धमकी दी थी। दोनों ने बताया कि वे डॉक्टर से रंगदारी की रकम मिलने की उम्मीद कर रहे थे ताकि आपस में बांट सकें, परंतु जब डॉक्टर ने उनकी बात नहीं मानी, तो ये दोनों तमंचा और चाकू लेकर डॉक्टर को धमकाने के लिए निकल पड़े थे। जिन्हे पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *