हिंसा फैलाने वालों से होगी नुकसान की भरपाई
सभी धर्मो के लोगों से शांति बरतने की अपील
संवाददाता
देहरादून। बीती रात राजधानी दून के पटेल नगर क्षेत्र में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर एक धर्म विशेष के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भड़के लोगों को किसी तरह पुलिस प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को कंट्रोल जरूर कर लिया है तथा स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, लेकिन इस घटना के बाद राजधानी और सूबे में सांप्रदायिक सौहार्द को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं जो चिंतनीय है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा देवभूमि के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन ऐसे तत्वों को हिंसा फैलाने की कोशिशें करने पर सख्ती से सबक सिखाया जाएगा। हिंसा और उपद्रव को कतई भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा है कि अगर दंगाइयों द्वारा किसी भी तरह की हिंसा अथवा संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो इसमें होने वाले नुकसान की भरपाई भी दंगाइयों से ही वसूली जाएगी चाहे यह नुकसान सरकारी संपत्ति का हो या फिर निजी संपत्तियों का इसका हर्जाना दंगाइयों को ही भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। भड़काऊ पोस्ट डालने वाले को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस और प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है अगर किसी ने भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के कानपुर और बरेली से शुरू हुई यह आई लव मोहम्मद की मुहिम अब उत्तराखंड तक पहुंच चुकी है। अभी बरेली में तौकीर रजा तथा उनके कुछ सहयोगियों द्वारा जुमे की नमाज के बाद ट्टआई लव मोहम्मद’ की मुहिम के तहत लोगों को उकसाऊ भाषणों से इतना भड़काया गया कि भीड़ ने बाहर आकर भारी हिंसा व तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। तौकीर राजा जो दिल्ली को दहलाने की धमकी देते दिखे और सीएम योगी पर अभद्र टिप्पणी करते दिखे थे वह तथा उसके सहयोगी अब जेल में है।
वहीं मुख्यमंत्री धामी ने सभी समुदायों के लोगों से अपील की है कि वह एक दूसरे धर्मो का सम्मान करें तथा किसी धर्म के खिलाफ किसी भी तरह की टीका टिप्पणी न करें उन्होंने कहा कि यह समय त्योहारों की खुशियों का समय है। आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखें।
सामाजिक अराजकता बर्दाश्त नहींः धामी
