हमारे संवाददाता
देहरादून। राजधानी दून स्थित टपकेश्वर महादेव मन्दिर में चोरों ने आस्था पर चोट करते हुए भगवान शिव के मस्तक से चांदी का नाग चोरी कर लिया है। मामले की तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर प्रबंधन से जुड़े श्री टपकेश्वर महादेव सेवादल (रजि.) के कार्यकारिणी सदस्य अनुभव अग्रवाल ने इस घटना के संबंध में देहरादून के कैंट थाने में तहरीर देकर बताया गया कि चोरी की सूचना मिलते ही मंदिर सेवा दल द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि अभी तक उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस जांच में उसे गंभीरता से लिया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम गठित की है, जो न केवल चोर की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है, बल्कि चांदी के नाग की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि उनकी प्राथमिकता है कि भगवान शिव के मस्तक से जो प्रतीक चुराया गया है, उसे यथाशीघ्र पुनः प्रतिष्ठित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे।
टपकेश्वर महादेव मन्दिरः भगवान शिव के मस्तक से चांदी का नाग चोरी मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
