संवाददाता
देहरादून। हरियाणा पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद फरार हुए बदमाश ने आज सुबह देहरादून में खुद को गोली मारकर जान दे दी। आरोपी द्वारा बीते रोज मुठभेड़ के दौरान हरियाणा पुलिस के दारोगा को गोली मार दी गयी थी। जिसके बाद आरोपी फरार होने में कामयाब रहा था। बताया जा रहा है कि आज एक सूचना के बाद जब पुलिस ने उसकी घेराबंदी की तो उसने खुद को गोली मारकर कर आत्महत्या कर ली है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम हरिद्वार में हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश सुनील कुमार उर्फ सुनील कपूर हरियाणा क्राइम ब्रांच के दारोगा को गोली मारकर फरार हो गया था। वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ ले गया था। शुरुआती जांच में पता चला कि इसी पिस्टल से उसने दारोगा को गोली मारी थी। घायल दारोगा एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस को पता चला कि बदमाश देहरादून में लक्ष्मण चौक इलाके में किसी परिचित के घर छुपा हुआ है। जिस पर पुलिस ने आज सुबह उस घर में छिपे बदमाश को घेर लिया। इसी दौरान बदमाश ने खुद को गोली मार ली। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। वहीं, हरियाणा एसटीएफ की टीम जो शनिवार देर रात ही हरिद्वार पहुंची थी, अब देहरादून पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
दारोगा को गोली मारने वाले बदमाश ने की आत्महत्या
