देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सरकारी भूमि से अवैध मजारों को हटाने की कार्रवाई राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने आज दो अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।
डीएम देहरादून सविन बंसल ने निर्देश दिए हैं कि जिले में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की नियत से बनी धार्मिक संरचनाओं का सर्वे कराया जाए। बद्रीपुर नगर नेहरू ग्राम ब्लॉक रायपुर में सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी अवैध मजार को दो सप्ताह पहले नोटिस जारी किया गया था। जवाब न मिलने पर प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाकर उसे हटा दिया। इसी तरह दिव्यांग विभाग, भारत सरकार की भूमि पर बनी एक अन्य अवैध मजार को भी गिरा दिया गया।
धामी सरकार अब तक 547 अवैध मजारों को हटवा चुकी है और लगभग 9,000 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवा चुकी है।
सीएम धामी के सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को किसी भी हाल में बदलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जे की नीयत से डाली गई नीली चादरों और अवैध निर्माणों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने शासन-प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसे निर्माण करने वालों और सरकारी भूमि पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
