- मौसम विभाग की चेतावनी 15 अगस्त तक मौसम खराब
- सड़के बंद, नदी नाले उफान पर आवागमन ठप
- बीती रात से प्रदेश भर में मूसलाधार बारिश जारी
देहरादून। बीती रात से राज्य के लगभग सभी जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं मूसलाधार बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। पहाड़ दरक रहे हैं सड़कों पर आवागमन ठप हो गया है शहरी क्षेत्रों में जल भराव से लोग परेशान हैं तो आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में बचाव व राहत कार्य में बाधा आ रही है।
सूबे की राजधानी दून से लेकर अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग से लेकर पिथौरागढ़ तक बारिश ने कहर बरपा रखा है। राजधानी दून में आज सुबह 5 बजे से इस कदर मूसलाधार बारिश का क्रम जारी है कि लोगों को घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है सड़के सैलाब की स्थिति में है तथा कहीं रिहायशी क्षेत्रों में जल भराव के कारण घरों में पानी घुस गया है। अल्मोड़ा में भी भारी बारिश के कारण प्रमुख सड़के बंद हो गई है तथा एक मैक्स पहाड़ से मलवा गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है।

हल्द्वानी और नैनीताल से प्राप्त समाचारों के अनुसार यहां आज सुबह से भारी बारिश होने के कारण हल्द्वानी नैनीताल मार्ग बंद हो गया है तथा यहां सैकड़ो वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। ऋषिकेश से चंपावत जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर मलवा आने से यातायात बाधित हो गया है। टिहरी क्षेत्र में तो आफत की बरसात ने लोगों को मुसीबतों में फंसा दिया है। कई प्रमुख सड़कों के बंद होने से लोग जगह जगह फंसे हुए हैं। डीएम नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं कि वह सतर्क रहें तथा अपने मोबाइल फोन बंद न रखें उधर कर्णप्रयाग—ग्वालदम मोटर मार्ग भी मलवा आने से बंद हो गया है। खास बात यह है की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है जिससे बंद सड़कों को खोलने का काम भी नहीं हो पा रहा है।
जिन क्षेत्रों में पहले से आपदा की स्थिति बनी हुई है उनकी समस्या खराब मौसम के कारण और भी बढ़ गई है 5 अगस्त को पौड़ी के गांव में भारी बारिश से 17 घर और सात दुकानें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी वहीं धराली में बड़ी संख्या में आपदा प्रभावित अभी भी खुले आसमान के नीचे रहने पर विवश हैं। मौसम विभाग द्वारा अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है वहीं 15 अगस्त तक मौसम की मिजाज में सुधार की संभावना नहीं होने की बात कही गई है।
