Thursday, October 22, 2026
Homeउत्तरकाशीउत्तराखंड: उत्तरकाशी आपदा क्षेत्र का सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण, बोले...

उत्तराखंड: उत्तरकाशी आपदा क्षेत्र का सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण, बोले – “राहत कार्यों में सभी एजेंसियां सक्रिय”, PM मोदी ने भी की बातचीत

 dipr

 उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने से उत्पन्न आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और मौके की स्थिति का जायजा लिया।

हवाई सर्वेक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियां – ITBP, SDRF, NDRF, सेना और स्थानीय प्रशासन – संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं ।

मुख्यमंत्री ने बताया,

“कल करीब 130 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। राहत अभियान लगातार जारी है। कुछ सड़कों और पुलों के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है। फिर भी सभी एजेंसियां हर संभव प्रयास कर रही हैं।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून स्थित राज्य आपदा संचालन केंद्र 24 घंटे कार्य कर रहा है और मौके पर आवश्यक सभी संसाधन पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हरसंभव सहयोग दे रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा,

“मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आज फिर फोन कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।”

इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में बताया गया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर धराली क्षेत्र की ताज़ा स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उन्हें अवगत कराया कि भारी बारिश के चलते कुछ क्षेत्रों में पहुंच बनाना कठिन हो रहा है, लेकिन राज्य सरकार तत्परता से कार्य कर रही है।

राज्य सरकार ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सभी प्रभावितों को त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सरकार की ओर से अपील की गई है कि लोग अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments