- पहले चरण में 3 बजे तक 40 फीसदी मतदान
- दोपहर तक मौसम रहा मेहरबान
- युवाओं में दिखा मतदान का उत्साह
देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आज सुबह से मतदान जारी है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव में आज पहले चरण में 12 जिलों के 49 विकास खण्डो में मतदान हो रहा है जिसमें 17 हजार से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में है जिनके भाग्य का फैसला 26 लाख मतदाताओं द्वारा किया जा रहा है।

तमाम वाद विवादों से घिरे पंचायत चुनाव में आज सुबह मतदान शुरू हुआ तो प्रारंभिक तौर में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। 10 बजे तक बमुश्किल 10 फीसदी के आसपास ही मतदान हुआ इसके बाद दोपहर 1 बजे तक मतदान में कुछ तेजी दिखाई दी और यह मतदान का प्रतिशत 27—28 फीसदी तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि चुनाव आयोग के पास 12—1 बजे तक के मतदान प्रतिशत के बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं थी। मीडिया रिपोर्टो के आधार पर 12 तक 27 फीसदी के आसपास ही मतदान होने की बात कही गई। जिसमें सबसे अधिक मतदान पौड़ी में 30 प्रतिशत होने और सबसे कम चमोली में 5.25 फीसदी मतदान होने की बात सामने आई। वही उत्तरकाशी में 12 बजे तक 9.8 फीसदी, टिहरी में 12 फीसदी तथा दून में 14.35 फीसदी, नैनीताल में 28.5 फीसदी मतदान होने की संभावना है। उधम सिंह नगर में भी ठीक—ठाक मतदान होने की खबरें हैं। समाचार लिखे जाने तक (3 बजे तक) ऑल ओवर 35 से 40 फीसदी मतदान होने की खबरें है।

खास बात यह रही कि आज सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा अकेले एक चमोली को छोड़कर। लेकिन दोपहर बाद जब मतदान प्रतिशत के बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही थी, अचानक मौसम ने करवट बदल ली और राजधानी दून सहित राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया जिससे मतदान प्रभावित होता दिखा। वर्तमान पंचायत चुनाव में युवा मतदाताओं में जरूर हर जगह उत्साह दिखाई दिया। समाचार लिखे जाने तक मतदान जारी था जो 5 बजे तक चलेगा। लेकिन इस दौरान राज्य में शांतिपूर्ण मतदान की खबरें हैं कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर शाम तक मतदान का प्रतिशत 50 फीसदी तक पहुंच जाएगा लेकिन यह बीते चुनावों से कम ही रहने की उम्मीद है।
