1 घंटे की बैठक में 14 अधिकारी चट कर गए 14 किलो काजू—बादाम

धनबाद में चूहे गटक गए 802 बोतल स्कॉच

देहरादून। देश में सरकारी कर्मचारियों के भ्रष्टाचार के कारनामों का कोई ओर छोर नहीं है। इनके द्वारा किस तरह के अजब—गजब कारनामों को अंजाम दिया जा सकता है जानकर कोई भी हैरान हो सकता है। मध्य प्रदेश से आई एक खबर के अनुसार यहां एक घंटे चली बैठक में 14 अधिकारी 14 किलो काजू और बादाम चट कर गए। वही झारखंड के धनबाद में 802 बोतल स्कॉच चूहे पी गए जिनकी भरपाई अब जिम्मेवार लोगों से करने की बात कही जा रही है।
भले ही यह दोनों घटनाएं अलग—अलग प्रदेशों की हो लेकिन सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों का हाल पूरे देश में एक जैसा ही है। बात मध्य प्रदेश की करें तो यहां शहडोल जिले की मदवाही पंचायत में बोरी बंधन कार्यक्रम में जिला कलेक्टर केदार सिंह और एसडीएम तथा जिला पंचायत अधिकारी सहित कुल 14 अधिकारी पहुंचे थे। 1 घंटे चली इस बैठक में इन अधिकारियों ने 14 किलो काजू व बादाम खा लिए। वही इसके अलावा उनके लिए 210 पीस समोसा, डेढ़ सौ रसगुल्ले व 45 किलो नमकीन भी मंगवाई गई। गांव वालों का कहना है कि उन्हें तो बस खिचड़ी ही खिलाई गई थी। ऐसे में 14 अधिकारी 14 किलो काजू—बादाम व इतने समोसे व रसगुल्ले तथा नमकीन खा गए इससे बड़ा भ्रष्टाचार का क्या नमूना हो सकता है।
उधर झारखंड के धनबाद से आई दूसरी खबर के अनुसार नए वित्त वर्ष की शुरुआत से पहले आबकारी अधिकारियों ने जब पुराने स्टॉक का मिलान किया तो उसमें 802 स्कॉच की बोतले कम पाई गई। इस पर जब ठेकेदार से पूछा गया तो उसने कहा कि सर चूहे बहुत ज्यादा हैं चूहे शराब पी गए। इन बोतलों के ढक्कनों में छेद भी पाए गए। कुछ बोतले पूरी तरह खाली मिली तो कुछ में थोड़ी बहुत शराब भी मिली। अब कहा जा रहा है कि इसकी भरपाई ठेकेदार से की जाएगी। क्या अजब—गजब देश है अपना। जहां भ्रष्टाचार के ऐसे—ऐसे कारनामे हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *